जम्मू रोपवे के सेक्शन 2 में बाहु-महामाया रोपवे को लोगों के लिए जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 16 अगस्त के बाद मनोरंजन पार्क बहाल करने की श्रेणी में नई गाइडलाइन जारी हो सकती है। गत 27 जुलाई को पूर्व उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने सेक्शन 2 के रोपवे का उद्घाटन किया था, लेकिन जम्मू-कश्मीर में अभी मनोरंजन पार्क श्रेणी में गतिविधियां बहाल न होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका है। सेक्शन 1 में पीरखो-महामाया रोपवे को भी अक्तूबर माह में शुरू करने का लक्ष्य है। इसके लिए रोपवे पर अतिरिक्त सुरक्षा मानकों पर काम किया जा रहा है।
बाहु-महामाया रोपवे के उद्घाटन को आधा माह बीत चुका है, लेकिन नई गाइडलाइन जारी न होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका है। बाहु महामाया रोपवे में 474 मीटर (पौना किमी. ) में दो और पीरखो-महामाया (1.12 किमी.) के फासले में सात टावर स्थापित किए गए हैं। सेक्शन 2 को पूरी तरह से मुकम्मल कर लिया गया है। इसमें रेस्टोरेंट सहित अन्य कई ढांचों का निर्माण किया गया है। सेक्शन 1 में तवी के बीच स्थापित टावरों पर अतिरिक्त सुरक्षा देने पर काम किया जा रहा है। इसे अक्तूबर के मध्य तक शुरू करने की योजना है।
75 करोड़ की आई लागत
16 अगस्त से धार्मिक स्थल भी खुल रहे हैं। इसके चलते बावे वाली माता के मंदिर में आने वाले यात्रियों को सेक्शन 2 रोपवे का लुत्फ लेने का मौका मिल सकता है। केबल कार कारपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के बाद मनोरंजन पार्क की श्रेणी में नई गाइडलाइन जारी करने की तैयारी की जा रही है, जिससे प्रदेश में लोगों को गंडोला और रोपवे की सैर का मौका मिलेगा। जम्मू रोपवे के सेक्शन 2 बाहु-महामाया रोपवे बावे वाली माता के मंदिर से 400 मीटर की दूरी पर स्थित है।
इस सेक्शन में 6 केबिन स्थापित किए गए हैं, जिसमें एक समय में 6 लोग बैठ सकते हैं। लेकिन कोविड संकट को देखते हुए नई गाइडलाइन में केबिन में यात्रियों की संख्या कम की जा सकती है। उपराज्यपाल ने उद्घाटन पर पहले 15 दिन लोगों को मुफ्त रोपवे की सेवा देने की घोषणा की थी। जम्मू रोपवे पर करीब 75 करोड़ रुपये की लागत आई है।