- लोगों का आरोप, बीते साल अगस्त में भारी बारिश के बाद नहीं हुई मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। नड्ड से सराईं को जोड़ने वाली पुरानीकली सड़क का एक हिस्सा वीरवार को धंस गया है। इससे करीब छह गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय व अन्य इलाकों से कट गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले साल अगस्त में हुई भारी बारिश के बाद सड़क की सुध नहीं ली गई।
ग्रामीण रोशन कुमार ने बताया कि सड़क पर कई जगह दरारें पड़ चुकी हैं। वाहनों को निकालना जोखिम भरा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। सड़क का हिस्सा कई जगहों पर धंसता जा रहा है। बलकार चंद ने बताया कि इस मार्ग पर कभी भी वाहनों की आवाजाही बंद हो सकती है। समय से मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमा देवी ने बताया कि अगर जल्द मरम्मत नहीं करवाई गई तो सड़क और धंस सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के बारे में संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग से जल्द निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।