road jam over lack of water in canal
- फोटो : RSPURA
ज्यौड़ियां। धान की रोपाई के लिए छटपटा रहे किसानों को नहर से पानी नहीं मिलने के कारण उनका गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। पंचायत मट्टू के किसानों ने पुली के पास से जम्मू-पलांवाला मुख्य रोड को जाम कर सिंचाई विभाग तथा छंब विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. कृष्ण लाल भगत के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप था कि पंचायत मट्टू की जमीन की सिंचाई करने वाली नहर मट्टू नंबर एक में पिछले तीन दिन से पानी नहीं छोड़ा गया है। धान की फसल सूख रही है। किसानों के अनुसार अभी तक वे मात्र 15 प्रतिशत ही धान लगा पाए हैं, वह भी सूखने लगी है। सिंचाई विभाग नहरों में पानी नहीं छोड़ रहा है। दो दिन, तीन दिन लगातार नहरें बंद रहती हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व पंचायत मट्टू के नायब सरपंच कुलबीर सिंह कर रहे थे। इस अवसर पर सरपंच स्वर्ण सिंह मनहास, पंच गनेश दास पंच तरसेम सिंह, पूर्व पंच सुदेश सिंह सहित किसान सतपाल मट्टू, शेर सिंह सहित पंचायत के सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ पहुंचे थे। किसानों ने रोड जाम करने के लिए रोड के बीच ट्रैक्टर खड़े कर दिए थे।
किसानों को शांत करने के लिए सिंचाई विभाग के एईई शौकत हुसैन मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी एक नहीं चली। किसान नहर में पानी की मांग पर अडे़ थे। एईई शौकत का कहना था कि एरिया बहुत ज्यादा है, पानी तो सभी किसानों को चाहिए। इसलिए नहर बंद करने से ही सभी को पानी मिल सकता है। लेकिन किसान मानने को तैयार नहीं थे।
तीन घंटे से बंद रोड की वजह से यात्री परेशान होते रहे। लोगों की परेशानी को देख मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी खौड़ पंजाब सिंह ने दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर मामले को तत्काल शांत किया। आखिरकार किसानों को पानी देने का भरोसा दिया।