विजयपुर। कंडी क्षेत्र गुड़ा सलाथिया से उत्तरवहनी जाने वाली सड़क की जर्जर होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि कई साल से इस मार्ग पर तारकोल नहीं डाला गया है। इस कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
क्षेत्र निवासी संसार चंद, दीपक शर्मा, मुश्ताक, रमेश कुमार, तीर्थ राम, दीपक कुमार, मदनलाल, रविंद्र सिंह, जगदीश शर्मा आदि ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक इस ओर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। सड़क की हालत के चलते इससे जुडे कमील, नगरोट, ब्री कमीला, लबली आदि गांवों के सैकड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। सड़क की मरम्मत को लेकर सरकार के सुस्त रवैये से लोगों में रोष है। लगभग दस किलोमीटर सड़क से दुघर्टना की आशंका बनी रहती है। सड़क की हालत इतनी दयनीय हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि गुड़ा सलाथिया से उत्तवहनी जाने वाली सड़क पर तत्काल तारकोल डाला जाए। ताकि क्षेत्र के लोगों की परेशानी खत्म हो सके। संवाद