ज्यौड़ियां के ब्लाक भलवाल ब्राह्मणा में जर्जर सड़क।
ज्यौड़ियां। ब्लॉक भलवाल ब्राह्मणा का मुख्यालय विकास से कोसों दूर है। ब्लॉक भलवाल ब्राह्मणा में सड़कों की हालत खस्ता है। जहां के लोगों ने ब्लॉक में सड़कों की हालत सुधारने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय से हाई स्कूल भलवाल ब्राह्मणा, सीएचसी भलवाल ब्राह्मणा, ब्लॉक विकास कार्यालय ब्लॉक भलवाल ब्राह्मणा जाने वाली सड़क ही हालत जर्जर है। सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है। इस बारे में पंच कुलदीप राज, स्थानीय निवासी रवि कुमार तथा शक्ति कुमार ने बताया कि ब्लॉक मुख्यालय से गांव कंगर जाने वाली एक किलोमीटर सड़क की भी हालत जर्जर है। कोई सुध नहीं ले रहा है। सभी सरकारी कार्यालयों में जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों से लेकर क्षेत्र के लोगों को इन जर्जर हालत सड़कों का सामना करना पड़ रहा है।
इन लोगों ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होने पर पानी सड़क के बीच आ जाता है। अधिक बारिश होने पर पानी बाजार की दुकानों के भीतर चला जाता है। पानी की कोई निकास नहीं है। वार्ड-तीन निवासी रवि कुमार ने बताया कि उनके मोहल्ले को जाने वाली गली की हालत इतनी खस्ता है कि गली में प्रवेश करने से भी डर लगता है। कहीं कोई जहरीला कीड़ा न काट ले, क्योंकि गली के दोनों तरफ घास फूस उग गई है। कोई सुध नहीं ले रहा है।
------
गांव कंगर जाने वाली दोनों सड़कों को पीएमजीएसवाई के तहत जल्द पक्का किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण के लिए 5.65 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। इसी सड़क पर हाई स्कूल, पीएचसी और ब्लॉक विकास विभाग का कार्यालय भी है।
-डिंपल शर्मा, सरपंच, पंचायत भलवाल ब्राह्मणा