मुट्ठी चाैक पर हादसा, मेटाडोर चालक फरार, घायल की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। मुट्ठी चाैक पर बीते रविवार रात मेटाडोर ने स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी मेटाडोर में फंस गई और करीब पांच किलोमीटर दूर तक घसीटती चली गई। स्कूटी और मेटाडोर के बीच फंसे हमीरपुर निवासी लब्बा दास (32) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि किश्तवाड़ निवासी बलबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी मेटाडोर के निचले हिस्से में फंस गई। हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। इससे स्कूटी और उस पर सवार एक युवक करीब पांच किलोमीटर दूर तक सड़क पर घिसटते चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर रगड़ खाने के कारण लब्बा दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल बलबीर सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। लब्बा दास के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है।
किराये के मकान में रहते थे लब्बा, रात
को साथी के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे
लब्बा दास दोमाना में परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। वह एयरटेल के ऑफिस में काम करता था और और नाइट ड्यूटी के लिए घर से साथी के साथ अपने ऑफिस जा रहा था। मृतक के भाई ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं।