- बाइक सवार डॉ. रमेश शर्मा को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, जीएमसी में तोड़ा दम
- आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्रा चला रही थी कार, प्राथमिकी दर्ज, वाहन जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। रिंग रोड पर कंगरेल चौक के पास शनिवार देर शाम तेज रफ्तार एक कार की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक डॉ. रमेश शर्मा (65) की मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को गढ़ी गांव में डाॅ. रमेश का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार गढ़ी गांव निवासी डॉ. रमेश बाइक से कोट भलवाल से अखनूर की ओर जा रहे थे। कंगरेल चौक के पास तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चला रही छात्रा ने ही स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जीएमसी जम्मू पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने डाॅ. रमेश को मृत घोषित कर दिया।
कार अखनूर निवासी एक की कॉलेज छात्रा चला रही थी। वह बनतालाब स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। सूचना मिलते ही कानाचक थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। थाना प्रभारी बलराम शर्मा ने बताया कि जांच में छात्रा के बालिग होने और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार को कब्जे में लिया है। कानूनी प्रावधानों के तहत छात्रा को फिलहाल जमानत दे दी गई है।
-
सेवानिवृत्ति के बाद भी
करते रहे पशुओं का इलाज
परिजन के अनुसार डॉ. शर्मा सेवानिवृत्ति के बाद भी पशुओं के इलाज के लिए सक्रिय रहते थे। मढ़, भलवाल और आसपास के क्षेत्रों में जाकर किसानों और पशुपालकों के मवेशियों का निशुल्क उपचार करते थे। हादसे वाले दिन भी वह घरोटा और करवांडा में पशुओं के इलाज के लिए गए थे। बेटे प्रणव शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे तक पिता के घर नहीं लौटने पर परिवार इंतजार कर रहा था। इसी बीच हादसे की सूचना मिली। उनकी मौत से परिवार सदमे में है।