कुपवाड़ा। हंदवाड़ा के राजवार में मंगलवार को एक यात्री बस पलटने से सरकारी स्कूल के एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसे में 22 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, माना जा रहा है कि बारिश में फिसलन बढ़ने से हादसा हुआ है। बेहनीपोरा इलाके में सुबह करीब नाै बजे बस एक तीखे मोड़ पर सड़क से फिसलकर पलट गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और सेना के जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा ले जाया गया। बचाव कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की सात एंबुलेंस को घटनास्थल भेजा गया।
जीएमसी के एसोसिएट जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एजाज भट ने 22 घायलों के आने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इनका इलाज किया जा रहा है। स्थिति के बारे में उचित आकलन के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
-
घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
हादसे के बाद डीसी आयुषी सूदन और एसएसपी मुश्ताक चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का भी हाल जाना। डीसी ने कहा कि घायलों का इलाज जारी है। नियमों के अनुसार, पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।
-
एलजी ने जताया दुख
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया। कहा कि इस दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं जान गंवाने वाले शिक्षक इरशाद अहमद लोन के परिवार के साथ हैं। घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।