जम्मू। शहर में सोमवार देररात बिक्रम चौक और एशिया चौक पर हुए दो सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया है। सुंदरबनी के रहने वाले एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बिक्रम चौक में पुलिस वाहन और विंगर वाहन के बीच टक्कर होने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। सभी को जीएमसी में भर्ती करवाया गया है। वहीं, एक अन्य हादसे में एशिया चौक पर ट्रक ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में मोटर साइकिल सवार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नेहरू मार्केट पुलिस के जवानों ने घायलों को जीएमसी पहुंचाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बिक्रम चौक हादसे के घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है लेकिन एशिया चौक हादसे में घायल युवक की हालत गंभीर है। युवक की पहचान अंकुश निवासी सुंदरबनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।