जिला प्रशासन ने की लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील, अनावश्यक यात्रा नहीं करें
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण सांबा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई संपर्क मार्ग बंद रहे और विभिन्न इलाकों में वाहनों की आवाजाही बाधित रही। बारिश और नालों में तेज बहाव के चलते बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी विद्यालय नहीं पहुंच सके। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचें तथा बिना आवश्यकता यात्रा न करें।
सांबा-मानसर मार्ग पर कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी मार्ग से मलबा हटाकर सड़क को जल्द बहाल करने में जुटे रहे।
पहाडी़ कस्बे सुंब के वार्ड नंबर 8 की गलियों में बारिश का पानी नहरों की तरह बहता रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय पंकज कुमार, विरेंदर का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से सुरक्षा दीवार बनाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
दुकानों में घुसा पानी, स्कूल नहीं पहुंच सके छात्र
गोरन स्थित बाबा शिवो देवस्थान की ओर जाने वाले मार्ग पर भी नाले में तेज बहाव के कारण आवाजाही प्रभावित रही। पानी दुकानों में घुस गया। वहीं गोरन हाई स्कूल में छात्रों की उपस्थिति काफी कम रही, क्योंकि नाले में पानी बढ़ने से कई बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच सके। नड़ ब्लाक के नंगल नाले में आई बाढ़ से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घगवाल के नाले में बाढ़ से संपर्क टूटा
वहीं घगवाल के पहाड़ी क्षेत्र के निचला केबेई नाले में आई बाढ़ के चलते करीब एक दर्जन गांवों के स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा सके। हालांकि जिले में अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार हुई बारिश से कई ग्रामीण संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।