लेह से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री नवांग रिगझिन जोरा को वीरवार को प्रदेश कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव बीके हरि प्रसाद और सचिव मैन्युल हक की देखरेख में हुए चुनाव में रियासत में 12 विधायकों वाली कांग्रेस ने सर्वसम्मति से जोरा के नाम पर सहमति जताई।
कांग्रेस विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से भेजे गए केंद्रीय पर्यवेक्षक हरि प्रसाद और सचिव मैन्युल हक ने बारी-बारी सभी विधायकों से विधायक दल के नेता के नाम पर उनकी राय जानी।
चुनाव के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने कहा कि नवांग रिगझिन जोरा के नाम पर सभी विधायकों ने अपनी सहमति व्यक्त की है। कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद जोरा ने कहा कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार अपवित्र गठजोड़ है।
कांग्रेस सक्षम विपक्ष की भूमिका निभाएगी और सरकार की नाकामियों को पुरजोर तरीके से दर्शाएगी। जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा।
बहरहाल, यहां पर गठबंधन सरकार बेहतर काम करेगी, वहां पीठ थपथपाने से भी कांग्रेस को कोई ऐतराज नहीं होगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान गुलाम अहमद मीर, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा के अलावा कांग्रेस के अन्य विधायक भी मौजूद रहे।