जम्मू। त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, अपराध के मामलों का समय पर निपटारा करने और नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने दिए हैं।
उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, लगातार डायनामिक नाके लगाने और बीट स्तर पर लोगों के साथ संपर्क मजबूत करने पर जोर दिया। बुधवार को जिला पुलिस लाइन जम्मू में आयोजित बैठक में उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में सभी जोनल एसएसपी, एसडीपीओ, सीपीओ और थाना प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान लंबित आपराधिक मामलों, शिकायतों के निपटारे, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और ई-साक्ष्य के इस्तेमाल की प्रगति का जायजा लिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामलों और शिकायतों का निपटारा तय समय में किया जाए। निर्देशों का सख्ती से पालन करें।