उन्होंने कई परियोजनाओं का दौरा भी किया और कार्य की गुणवत्ता भी देखी।
पर्यटन राज्य मंत्री प्रिया सेठी, विधायक राजेश गुप्ता, इरा के सीईओ विनोद शर्मा, जेडीए के वीसी मुबारक सिंह समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री ने बिक्रम चौक फ्लाई ओवर, 30 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, ओएचटी के निर्माण और पीएचई की पुराने पाइपों की जगह नए पाइप डालने, मल्टी लेवल पार्किंग समेत सीवरेज और ड्रेनेज कार्य का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर बताया गया कि रणवीर कलेक्टर ट्रंक सीवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इससे बख्शीनगर, तोप, पलौड़ा, जानीपुर, शिवनगर, भवानी नगर और शक्ति नगर में 78 करोड़ की राशि से सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जा रही हैं और यह निर्माण कार्य 2017 में पूरा हो जाएगा।
सुपर बाजार में सेमी आटोमेटिक पार्किंग के कार्य की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर बताया गया कि बिक्रम चौक फ्लाई ओवर का 70 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है और दिसंबर 2016 तक निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। एयरपोर्ट एक्सपेंशन के लिए शुरू किए गए ड्रेनेज कार्य की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा नए पाइप लाइन नेटवर्क, मेट्रो रेलवे लाइन को बिछाने आदि कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने पहाड़ी मोहल्ला नाला के लिए व्यापक योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बिक्रम चौक फ्लाई ओवर के ओर आगे विस्तार के लिए ड्राफ्ट प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी कहा।