बारिश प्रभावित इलाकों में दी जाए टैंकर सुविधा : राणा
-दमकल गाड़ियों का भी हो प्रयोग, जहां टैंकर नहीं पहुंच सकते वहां नलों से जल्द बहाल करें आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने शनिवार को जम्मू में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में की। उन्होंने अधिकारियों को बारिश से प्रभावित इलाकों में टैंकर से पानी मुहैया करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए दमकल गाड़ियों का भी इस्तेमाल किया जाए। जहां टैंकर नहीं पहुंच सकते वहां नलों से जल आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए।
राणा ने कहा कि विभागों के बीच समन्वय और पुनर्स्थापन कार्य समय पर पूरा करने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए। बैठक में पहुंचे विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र की चुनौतियों पर बात की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि समस्याओं को हल करवाया जाएगा। बताया कि शीतली में जल आपूर्ति का काम पांच दिन में बहाल हो जाएगा। मंत्री ने विद्युत विकास विभाग (पीडीडी) को जल शक्ति विभाग की ओर से चिह्नत फीडर लाइनों को तुरंत बहाल करने का निर्देश दिया। शहरी पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग (यूईईडी) को बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से नालों के निर्माण और बाढ़ से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का काम सौंपा।
मंत्री ने बठिंडी का किया दौरा
मंत्री ने जनता की शिकायतें सुनने के लिए जम्मू के बठिंडी का दौरा किया। पूर्व विधायक टीएस टोनी और जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राणा ने लोगाें को आश्वस्त किया कि सरकार पेयजल की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करे। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि बाढ़ प्रभावित जल आपूर्ति के बुनियादी ढांचे को जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।