केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस की घोषणा कर दी गई है। यह प्रक्रिया एक जून, 2020 से शुरू होगी और 15 जुलाई तक चलेगी। इस बारे में उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग गणना का डाटा राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर में अपलोड किया जाएगा।
इसके साथ ही योजना विकास और निगरानी विभाग के प्रधान सचिव रोहित कंसल को जनगणना अभियान, 2021 की देखरेख और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर में अपडेशन के लिए समन्वयक नियुक्त किया गया है। योजना विकास और निगरानी विभाग के महानिदेशक शहजादा बिलाल अहमद को निदेशक सेंसस ऑपरेशंस और अन्य सेंसस अधिकारियों के बीच लायजनिंग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मंडलायुक्तों को संभागीय जनगणना अधिकारी, जिला उपायुक्तों को प्रधान जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला उपायुक्तों को अतिरिक्त जनगणना अधिकारी, एसडीएम को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में सब डिवीजन मतगणना अधिकारी और नायब तहसीलदार को अपने-अपने क्षेत्रों मतगणना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।