जम्मू। प्रदेश में विशेष भर्ती अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर रहने वाले युवाओं को भी आरक्षण का लाभ प्रदान कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद जम्मू-कश्मीर सर्विस सलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने आदेश जारी कर कहा कि आईबी पर रहने वाले युवा भी आरक्षण के हकदार होंगे।
एसएसबी की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि आईबी पर रहने वाले युवा भी सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ लेने के पात्र होंगे। आईबी तथा एलओसी से सटे इलाकों के लोग आरक्षण का लाभ लेने के योग्य हैं। दरअसल राज्य सरकार की ओर से चतुर्थ श्रेणी के साढ़े आठ हजार तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में अकाउंट्स असिस्टेंट के 1889 पदों पर भर्ती के लिए जारी विज्ञापन को लेकर आईबी के युवाओं में असमंजस की स्थिति थी। इस पर सीमावर्ती कठुआ, सांबा व जम्मू जिले के युवाओं ने जितेंद्र सिंह को इससे अवगत कराया। डा. सिंह ने बुधवार को उप राज्यपाल तथा मुख्य सचिव से इस मुद्दे पर बात की। इसके बाद ट्वीट किया था कि जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा नौकरियों के लिए जारी विज्ञापन को लेकर युवाओं के मन में उत्पन्न भय को दूर करना जरूरी है। इन नौकरियों में आईबी पर रहने वाले अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ मिलेगा। केंद्र शासित प्रदेश की ओर से इस संबंध में स्पष्टीकरण जल्द जारी किया जाएगा।
आईबी के युवाओं को भी मिलेगा तीन फीसदी आरक्षण: जितेंद्र सिंह
एसएसबी की ओर से स्पष्टीकरण जारी किए जाने के बाद डा. सिंह ने ट्वीट कर कहा कि आईबी तथा एलओसी पर रहने वाले युवाओं को सरकारी नौकरियों में मौजूदा नियम के तहत तीन फीसदी का आरक्षण मिलेगा। बुधवार को उप राज्यपाल तथा मुख्य सचिव से वार्ता के बाद जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। इससे आईबी पर रहने वाले युवाओं के मन में आरक्षण को लेकर बैठा भय समाप्त हुआ है।