परगवाल। तेलंगाना में टनल में फंसे मजदूरों में परगवाल के गांव गुढा मन्हांसा के श्रमिक सन्नी सिंह भी हैं, जो तीन दिनों से टनल में फंसे हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द टनल से बाहर निकालने की गुहार लगाई है।
गौरतलब है तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले में एसएलवीसी परियोजना के तहत निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने से आठ लोग 45 घंटे से ज्यादा वक्त से अंदर फंसे हैं। उन्हें बाहर निकालने की मशक्कत जारी है। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरआफ और अन्य एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। वहीं गुढा मन्हासां के सनी सिंह के भी टनल में फंसे होने से परिवार चिंतित है।
सनी सिंह के पिता राम सिंह ने बताया कि सनी सिंह उक्त कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर किश्तवाड़ में गया था। कंपनी ने दो महीने बाद उसे तेलंगाना में टनल में कार्य करने के लिए भेज दिया। बताया कि कंपनी की तरफ से टनल में फंसे सनी सिंह की जानकारी सही नहीं मिल रही हैं। संवाद