- चप्पे-चप्पे पर चलाया जा रहा तलाशी अभियान, संवेदनशील इलाकों को बढ़ाई चौकसी
विज्ञापन
जम्मू। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर तवी पुल और एमए स्टेडियम के आसपास अस्थायी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के साथ शहर में पैनी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों को विशेष रूप से चिह्नित कर चौकसी बढ़ा दी गई है। नाके, गश्त और तलाशी अभियान तेज किए गए हैं।
वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की सघन जांच की जा रही है। पुरानी मंडी, इंदिरा चौक, गांधी नगर सहित अन्य व्यस्त इलाकों में गश्त को और मजबूत किया है। सुबह से देर रात तक सुरक्षाकर्मी हर गली का दौरा कर रहे हैं। हॉटस्पॉट जोन राजीव नगर, नरवाल और कासिम नगर में विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क दिखाई दे रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से भी हर चौक-चौराहे पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पुलिस के साथ जवान इलाकों को खंगाल रहे हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।