जम्मू। महाशिवरात्रि पर शिवालयों को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जहां वीरवार को विशेष पूजा-अर्चना के साथ बम-बम भोले के जयकारे गूंजेंगे। भगवान भोलेनाथ के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
शहर के प्रसिद्ध पीरखो, श्री रणवीरेश्वर और आप शंभू मंदिर के कपाट वीरवार को 24 घंटे खुले रहेंगे और 12 मार्च को बंद होंगे। मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक होगा। दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को कोविड नियमों को पालन करना होगा। इसके लिए मंदिर कमेटियों ने टीमें बनाई हैं, जो इस पर विशेष नजर रखेंगी। महाशिवरात्रि को लेकर शहर के शिवालयों की सजावट देखते ही बनती है।
----------
श्री रणवीरेश्वर मंदिर में
सुबह-शाम होगी विशेष पूजा
शहर के प्रसिद्ध श्री रणवीरेश्वर मंदिर में बुधवार देर रात से पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। मंदिर के महंत वीरवार तड़के तीन से चार बजे तक पारंपरिक पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद शिवालय में भक्तों के आने का सिलसिला शुरू होगा। दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को कई परेशानी न हो इसके लिए मंदिर कमेटी ने टीमें बनाई हैं। मंदिर महंत ने कहा कि सभी तैयारियां पूर कर ली हैं। कोरोना महामारी को देखते हुए लोगों को स्वयं नियमों का पालन करना चाहिए।
---------
सामाजिक दूरी का ध्यान रखकर
भक्तों को भेजा जाएगा माथा टेकने
शहर के रूपनगर स्थिति आप शंभू मंदिर में महाशिवरात्रि पर वीरवार तड़के दो से तीन बजे तक मंदिर के महंत दवारिका नाथ जोगी पूजा-अर्चना करेंगे। महंत ने कहा कि बुधवार से मंदिर के कपाट खुल गया है, जो अब 12 मार्च की शाम को ही बंद होगा। दो दिन तक मंदिर दिन-रात भक्तों के लिए खुला रहेगा। रात 11 बजे चार पूजा-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक किया जाएगा। कोविड-19 के चलते कुछ नियमों का बदलाव किया है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को समूह की बजाय सामाजिक दूरी का ध्यान रखकर एक-एक करके माथा टेकने के लिए भेजा जाएगा। मंदिर के आसपास कम भीड़ हो, इसके लिए 200 मीटर की दूरी पर लंगर की व्यवस्था रखी है। जिन श्रद्धालुओं के पास मास्क और सैनिटाइजर नहीं होगा, उन्हें उपलब्ध करवाया जाएगा।
--
आप शंभू मंदिर सर्कुलर रोड में
दोपहर 12 बजे से लगेगा लंगर
पीरखो स्थित जामवंत गुफा में भक्त वीरवार सुबह पांच बजे से रात भर दर्शन कर सकते हैं। मंदिर के महंत राजेंद्र नाथ ने कहा कि मेले के दौरान लंगर भी लगाया जाएगा। सर्कुलर रोड स्थित आप शंभू मंदिर में महाशिवरात्रि पर धार्मिक कार्यक्रम होगा। सुबह सात से आठ बजे तक मंदिर परिसर में हवन होगा, जिसमें आम लोग भी शामिल हो सकेंगे। दोपहर 12 बजे भंडारा लगेगा।