- अब तक साढ़े चार लाख श्रद्धालु बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में टेक चुके हैं माथा
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। झिड़ी मेले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की रौनक लगातार बढ़ रही है। 23 नवंबर से अब तक करीब साढ़े चार लाख श्रद्धालु बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में माथा टेक चुके हैं। मेले में दिन के मुकाबले शाम छह बजे के बाद अधिक भीड़ उमड़ रही है।
नौकरीपेशा लोग और स्थानीय निवासी दिनभर के कामकाज के बाद परिवार सहित मेले में पहुंच रहे हैं। दूधिया रोशनी से जगमगाते मेला परिसर में लोग दर्शन के साथ झूलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी का आनंद ले रहे हैं। बाजारों में घरेलू सामान, पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प और खिलौनों की दुकानों पर देर रात तक भीड़ लगी रहती है। शहीद किसान बाबा जित्तो संघर्ष समिति ने रविवार को झिड़ी मेले में श्रद्धालुओं के बीच संकल्प पत्र वितरित किए और लंगर का आयोजन किया। समिति सदस्यों ने श्रद्धालुओं को बाबा जित्तो के इतिहास, किसानों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी। समिति ने करीब 500 साल पुरानी बाबा जित्तो की गाथा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने और कृषि विश्वविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखने की मांग दोहराई। समिति अध्यक्ष प्रताप सिंह जम्वाल, विजय पांडे, शंकर सिंह चिब, गारू शर्मा, एस. गुरजीत सिंह, अमन शर्मा, ठाकुर देव करण सिंह और निखिल शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
फूड कोर्ट में राजस्थानी दाल-बाटी चूरमा, हिमाचली सिड्डू और गुजराती व्यंजनों का चढ़ा खुमार
मेले का विशेष फूड कोर्ट भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां राजस्थानी दाल-बाटी चूरमा, हिमाचली सिड्डू और धाम, गुजराती ढोकला, फाफड़ा-जलेबी के अलावा डोगरी कालाड़ी कुलचा, अंबल, पंजाबी व्यंजनों और महाराष्ट्र के वड़ा पाव व पाव भाजी का स्वाद लेने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मेले की रौनक बढ़ा रहा है।