- दीवान मंदिर से निकलेगी श्रीराम की शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। विजयदशमी पर्व मंगलवार को शहर में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह होगा, जहां 90 फुट लंबे रावण और 85-85 फुट के कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी से आसमान रोशन होगा और मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठेगा।
सनातन धर्म सभा व जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुतलों के आसपास बैरीकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधिचि ने बताया कि पुतला दहन से पहले श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध का मंचन होगा। ऐसा ही माहौल गांधीनगर स्थित दशहरा ग्राउंड और सैनिक कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर भी देखने को मिलेगा। दीवान मंदिर से दोपहर बाद तीन बजे भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शहर के मोती बाजार राजतिलक रोड, पुराने अस्पताल रोड से होते हुए शाम चार बजे रघुनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां से शालामार रोड से होते हुए शाम पांच बजे परेड ग्राउंड पहुंचकर समाप्त होगी।