- बावे वाली माता, महामाया और कोल कंडोली मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
- रामनवमी पर तवी तट पर साख विसर्जित
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। रामनवमी पर सोमवार को मंदिरों के शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर रहा। सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। घरों और मंदिरों में कंजक पूजन कर नवरात्र अनुष्ठान का समापन हुआ। हरकी पौड़ी और बिक्रम चौक के पास तवी तट पर श्रद्धालुओं ने साख विसर्जन की परंपरा निभाई। मंदिरों से लेकर नदी के घाटों तक दिनभर भक्ति और आस्था का संगम दिखा।
बावे वाली माता मंदिर, महामाया मंदिर और कोल कंडोली मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया। घरों में कन्या पूजन को लेकर भी खासा उत्साह दिखा। लोगों ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे, भोजन करवाया और उपहार भेंट किए। परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रामनवमी पर श्रद्धालु साख लेकर तवी नदी के विभिन्न घाटों पर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद उसे जलधारा में प्रवाहित किया।
-
स्वयंसेवी संगठनों और छात्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश
साख विसर्जन के दौरान तवी तट पर स्वच्छता को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों और विद्यार्थियों ने लोगों को नदी को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। धार्मिक आस्था के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पर्व का हिस्सा बना रहा।