- सरवाल, बेलीचराना, गुज्जर नगर और बठिंडी में उमड़े अकीदतमंद, जगह-जगह हुआ स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू/ बनतालाब। ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर बुधवार को सरवाल, बेलीचराना, नगरोटा, गुज्जर नगर व बठिंडी सहित अन्य इलाकों में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। अकीदतमंदों ने जुलूस निकालकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी मनाई। जुलूस में शामिल लोगों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए दरूद-ओ-सलाम का नजराना पेश किया और अमन व भाईचारे का संदेश दिया।
सरवाल से निकाले गए जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया। जुलूस सरवाल, चिन्नौर, ठठर, बनतालाब, भलवाल से होते हुए पलाैड़ा स्थित जामिया मस्जिद पर पहुंच कर संपन्न हुआ। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों के लिए पानी सहित अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया। गुज्जर नगर में भी खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। बठिंडी में भी धार्मिक उत्साह के साथ जुलूस निकाला गया। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत को मजबूत करने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाएं समाज में अमन, सद्भाव और इंसानियत का रास्ता दिखाती हैं। धामिर्क आयोजन के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही और यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई।