भक्तों ने 22 स्थानों पर पुष्पवर्षा से किया स्वागत, 30 जगह बंटा हलवा, लड्डू और केले
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री हनुमान जयंती पर वीरवार को मंदिरों के शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जय श्रीराम, जय हनुमान के जयघोष से शहर के बाजार गुंजायमान हो गए। विहिप के प्रांत मुख्यालय शक्ति आश्रम से शुरू हुई शोभायात्रा ओल्ड रिहाड़ी, एक्सचेंज रोड, कच्ची छावनी, परेड, मोती बाजार, पक्का डंगा, चौक चबूतरा, लिंक रोड, पुरानी मंडी, श्री रघुनाथ बाजार से होते हुए विवेकानंद चौक में श्री हनुमान मंदिर में संपन्न हुई।
ढोल और बैंडबाजों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के अलावा मेयर राजिंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री सत शर्मा ने भाग लिया। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण हनुमान जी, भगवान शिव, बजरंग दल व दुर्गा वाहिनी के अलावा मां चंडी की झांकियां शामिल की गई थीं।
शोभायात्रा का परेड में डोगरा ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा, मोती बाजार में श्री हनुमान मंदिर और 22 अन्य स्थानों पर लोगों ने घरों के ऊपर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पक्का डंगा में श्री लक्ष्मी मंदिर के बाहर कोल्डड्रिंक, हलवा, लड्डूओं और केले का प्रसाद श्रद्धालुओं को बांटा गया। लिंक रोड, चौक चबूतरा, पुरानी मंडी, श्री रघुनाथ बाजार एसोसिएशनों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह स्टाॅल लगाए। करीब तीस जगह खाने-पीने के स्टाॅल, जिनमें हलवा, लड्डू, केले आदि वितरित किए गए। मौके पर विहिप के प्रदेश अध्यक्ष लीलाकरण शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा, बजरंग दल के संयोजक कार्तिक सूदन व उनकी टोली के सदस्य भी मौजूद रहे।
शहर भर में सुरक्षा रही कड़ी
श्री हनुमान जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे। जिन स्थानों से शोभायात्रा को निकलना था वहां पर रोड को क्लीयर रखा गया और जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती रही।