- सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले 18 लोगों को मिला अरबिंदो सम्मान-2025
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जैन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. लोकेश मुनि ने कहा कि सिख और जैन धर्म सनातन का ही अंग हैं। हमें सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में योगदान देना चाहिए। लोकेश रविवार को गुलशन ग्राउंड स्थित पुलिस सभागार में अरबिंदो सम्मान-2025 कार्यक्रम में बोल रहे थे। शास्वत हिंदू प्रतिष्ठान संगठन के इस कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पधारे लोकेश मुनि ने कहा कि समाज में बढ़ रही ऊंच-नीच की भावना का त्याग कर हर व्यक्ति को बेहतर समाज की स्थापना में योगदान देना चाहिए। गुरुद्वारा व मंदिर एक ही हैं। ये कभी अलग-अलग नहीं थे। जैन भी हिंदू धर्म से जुड़ा है। संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रशांत कोतवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगी अनूप, जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष पुष्पेंद्र चाड़क, संगठन मंत्री चतुर सिंह, महामंत्री पूनम शर्मा, महिला प्रमुख राजकुमारी आदि मौजूद रहे।
इनको मिला अरबिंदो सम्मान
हरियाणा निवासी विजेंदर सिंह प्रजापति, पंजाब निवासी राम सिंह, यूपी के संदीप त्यागी, जम्मू-कश्मीर से संजीव खजूरिया, नागपुर से राम मोरेश्वर खांडवे, यूपी से धर्म कुमार जाटव, छत्तीसगढ़ से महेंद्र कुमार जैन, दिल्ली निवासी रेखा फ्रैंक, पश्चिम बंगाल निवासी परिमल मंडल, केरल निवासी ओ. श्रुति, हरियाणा निवासी जगमोहन यादव, उत्तर प्रदेश के डाॅ. शोभाराम साहू, असम निवासी मोकईबुल हुसैन प्रमुख रहे। पांच लोगों को शास्वत पवन सम्मान प्रदान किया गया। इनमें जम्मू निवासी राजकुमारी भी शामिल हैं।