जम्मू। कोविड-19 के बीच सोमवार को गुरु नानक देव जी का 551वां प्रकाशोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर के चांद नगर स्थिति गुरुद्वारे में मुख्य कार्यक्रम हुआ। सामाजिक दूरी का ध्यान रख संगत ने गुरुघर में माथा टेक सुख-समृद्धि की कामना की। रागी जत्थों ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। साथ ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके संदेश के बारे में बताया। कोरोना महामारी के कारण इस बार गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ उन्हें मास्क की उपलब्ध करवाए गए। माथा टेकने से पहले सैनिटाइजर से हाथ साफ करवाए गए। प्रकाशोत्सव को लेकर गुरुद्वारा परिसर की साज-सजावट की गई। माथा टेकने के लिए सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। इस बार गुरुद्वारा परिसर में लंगर और अन्य सामान के स्टॉल नहीं लगाए गए।
------------
बाबा नानक की शिक्षाओं को अपनाने का दिया संदेश
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य टीएस वजीर ने कहा कि गुरुनानक देव जी ने मानवता को बराबरी का संदेश दिया है। उन्होंने न सिर्फ जुुुल्म और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, बल्कि उसके खिलाफ लड़े भी। गुरु नानक देव जी ने हमें संदेश दिया कि सभी धर्मों की इज्जत करो, कोई भी धर्म बुरा नहीं है, लेकिन वर्तमान परिदृश्य में धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है। ऐसे माहौल में गुरु नानक देव जी की शिक्षा हम सबके लिए एक प्रेरणा का मार्ग है, जिस पर हमें चलने की जरूरत है। बाबा नानक की शिक्षाएं हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
---------
रोटरी क्लब ने जरूरतमंदों को दी सहायता
जम्मू। रोटरी क्लब जम्मू ने गुरुपर्व पर जरूरतमंद लोगों को कंबल और गर्म कपड़े बांटे। इस दौरान करीब 200 जरूरतमंदों को सहायता दी गई। क्लब के सदस्यों ने कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर में जरूरतमंद लोगों को सहायता दी गई है। आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ब्यूरो