जम्मू। रिहाड़ी चुंगी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि पीछे से टक्कर मारने के बाद बाइक पर पीछे बैठा युवक इसके नीचे दब गया। लोगों ने कार को पलटकर उसे बाहर निकाला। बाइक चलाने वाला युवक टक्कर लगने से आगे जा गिरा।
मृतक की पहचान हिम्मत बहादुर निवासी पलौड़ा के रूप में हुई है। कार चालक प्रीतम निवासी घरोटा का रहने वाला है। वाहनों की टक्कर से जोरदार आवाज हुई, जिससे वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों युवकों को जीएमसी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक चलाने वाले युवक को कम चोटें लगने से प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों वाहन भी जब्त कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों युवक किसी काम से रिहाड़ी चुंगी आए हुए थे।