- हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा जम्मू
- तवी तट पर महाआरती में मांगा बाबा बर्फानी से आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। अमरनाथ यात्रा के पहले सप्ताह में जम्मू पूरी तरह शिवमय है। भगवती नगर यात्री निवास, तवी रिवर फ्रंट, श्रीराम मंदिर और पंजीकरण केंद्रों पर शनिवार को दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। पंजीकरण की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कई श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। साधु-संतों की टोलियां शिवभक्ति में लीन हैं। यात्रा पर रवाना होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु तवी रिवर फ्रंट पहुंचे। उन्होंने महाआरती में भाग लेकर भगवान शिव और मां तवी का आशीर्वाद लिया। पूरा घाट दीपों की रोशनी और शिवभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
सुबह पंजीकरण केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन की ओर से तवी रिवर फ्रंट पर हाल में बढ़ाई गई बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार किया। कानपुर के अवधेश कुमार ने बताया कि परिवार के साथ महाआरती में शामिल होना और फिर अमरनाथ यात्रा पर निकलना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। नीतेश व कृष्ण कुमार ने कहा कि बाबा का बुलावा आए बिना कोई अमरनाथ नहीं पहुंच सकता। उनके अनुसार, जम्मू का भक्तिमय माहौल, तवी महाआरती और श्रद्धालुओं का उत्साह यात्रा को और अधिक विशेष बना रहा है।
बाबा के आशीर्वाद से की यात्रा की शुरुआत
पहली बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहीं उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की अंशिका पाठक व सौम्या पाठक ने बताया कि वर्षों से बाबा बर्फानी के दर्शन की इच्छा थी जो अब पूरी होने जा रही है। तवी महाआरती में शामिल होकर मन को अद्भुत शांति मिली। ऐसा लगा जैसे यात्रा की शुरुआत बाबा के आशीर्वाद से हो रही है।