जम्मू। कोरोना कर्फ्यू के बीच रविवार को महावीर जयंती घरों में ही मनाई गई। भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही भगवान महावीर के संदेश जिओ और जीने दो को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
कोरोना कर्फ्यू के चलते इस बार जैन मंदिरों में सन्नाटा परसा था। सरकार द्वारा तय की गई गाइडलाइन का पालन करते हुए जैन समाज के लोगों ने भगवान महावीर की जयंती घरों में ही मनाई और भजन-कीर्तन किया। एसएस जैन सभा की ओर से वर्चअुल प्लेटफार्म पर भक्ति प्रवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभा के महासचिव संदीप जैन सन्नी ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल की वजह से घर में ही महावीर जयंती मनाई गई। समाज के 16-17 लोगों की ओर से भजन रिकॉर्ड कर भेजा गया, जिसे ऑनलाइन प्लेटफार्म पर सुना गया। लगभग सवा घंटे के भक्ति प्रवाह नामक कार्यक्रम में सभी लोग घर से ही जुड़े रहे।