जम्मू विश्वविद्यालय में विशेष दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2006-12 के बीच पास हुए 630 विद्यार्थियों में से गोल्ड मेडलिस्ट एवं पीएचडी होल्डर सम्मिलित हैं। चौदह नवंबर को होने वाले इस विशेष दीक्षांत समारोह को लेकर गठित कमेटियों के सदस्य इन दिनों सक्रिय हो गए हैं।
11 नवंबर को विशेष दीक्षांत समारोह के लिए रिहर्सल होगी। इस रिहर्सल में वे सभी विद्यार्थी सम्मिलित होंगे, जो विभिन्न विभागों के स्वर्ण पदक विजेता हैं। पीएचडी होल्डरों को भी इस रिहर्सल में शामिल होना अनिवार्य होगा। निमंत्रण पत्रों को भी भेजे जाने की तैयारियां की जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक इस विशेष दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि राज्य के राज्यपाल एवं यूनिवर्सिटी के चांसलर एनएन वोहरा होंगे। इस संबंध में जम्मू विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. मनोज धर का कहना है कि विशेष दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेजी से हो रही हैं।
इसके बारे में गठित कमेटियों के सदस्यों को दिए गए जिम्मेदारियों को पूरा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यह विशेष दीक्षांत समारोह पहले ही दो बार स्थगित हो चुका है।