आगामी दो जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। एक मार्च से शुरू हो रही पंजीकरण प्रक्रिया के लिए फरवरी के मध्य तक सभी मेडिकल बोर्ड फाइनल कर दिए जाएंगे। डाक्टरों और पैरामेडिकल की नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले साल की तरह इस बार भी जम्मू से कश्मीर के लिए डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भेजा जाएगा।
इस बार करीब दो माह की यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। इसके लिए राज्य के अधिकांश जिला अस्पतालों और सीएचसी में मेडिकल बोर्ड बनाए जाएंगे। बोर्ड की बाकायदा श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर जानकारी दी जाएगी।
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) में बोर्ड नियमों के अनुसार 13 वर्ष की आयु से कम और 75 वर्ष से अधिक आयु वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण नहीं किया जाता रहा है। इसी तरह छह सप्ताह तक अथवा इससे अधिक की गर्ववती महिलाओं को भी यात्रा पर जाने की इजाजत नहीं दी गई है।