लद्दाख के भाजपा सांसद जाम्यांग सेरिंग नामग्याल ने बुधवार को कहा कि कई लोग व संगठन व्यापार की संभावनाएं तलाशने के लिए इस क्षेत्र का दौरा करना चाहते हैं, लेकिन यहां स्वागत सिर्फ उन्हीं लोगों का होगा जो स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग करेंगे। नामग्याल बुधवार को पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 व 35-ए की समाप्ति के बाद कई लोग संभावनाएं तलाशने के लिए लद्दाख जाना चाहते हैं। ये दो तरह के लोग हो सकते हैं। एक वो जो उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का सकारात्मक तौर पर उपयोग करना चाहते हैं।
हम ऐसे लोगों का स्वागत करते हैं जबकि दूसरे वो लोग हैं जो सिर्फ यहां के संसाधनों का अपने हितों में इस्तेमाल करना चाहते हैं। हम ऐसे लोगों का कतई स्वागत नहीं करेंगे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के लिए मैदान में उतरने की अपील की। कहा, कुछ लोग जो खुद असुरक्षित हैं वह ऐसी धारणा बनाते हैं कि राजनीति एक गंदा खेल है, हालांकि यह सच नहीं है।