जम्मू। कोविड संकट के बीच आगामी दिनों में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों प्रशिक्षित लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। एलजी मनोज सिन्हा की हरी झंडी मिलने के बाद जीएमसी और अन्य एसोसिएटेड कोविड अस्पतालों में फास्ट ट्रैक पर भर्तियां करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जीएमसी प्रशासन खाका तैयार कर रहा है। संबंधित एसआरओ के तहत अस्थायी तौर पर की जा रही इन नियुक्तियों का उद्देश्य मरीजों को बेहतर कोविड चिकित्सा देखभाल देना है।
जीएमसी और अन्य एसोसिएटेड कोविड अस्पतालों में जल्द 50 सफाई कर्मचारी, 100 नर्सिंग अर्दली (एनओ) और 125 नर्सिंग स्टाफ की भर्ती की जाएगी। इसमें नर्सों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबकि सफाई कर्मियों और एनओ के लिए पद निकाले जा रहे हैं। इसी तरह विभिन्न विभागों में फैकल्टी के खाली पदों का ब्योरा मांगा गया है। जिसमें फैकल्टी सदस्यों के साथ अन्य डॉक्टरों को अकादमिक व्यवस्था पर लगाया जाएगा।
कोविड अस्पतालों में 40 फीसदी स्टाफ की कमी
जीएमसी और अन्य एसोसिएटेड कोविड अस्पतालों के अधिकतर विभागों में 40-50 फीसदी स्टाफ की कमी बनी हुई है। कोविड संक्रमण का अधिक प्रसार होने के कारण उपलब्ध स्टाफ में बड़ी संख्या में डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ संक्रमित हुआ है और यह सिलसिला जारी है। उधर कोविड अस्पतालों में मरीजों का लोड लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्टाफ की भारी किल्लत से हालात खराब हो रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों की शिकायतें बढ़ी हैं कि स्टाफ की भारी कमी से उन्हें उचित चिकित्सा देखभाल नहीं मिल रही है। इसे देखते हुए एलजी ने स्थायी पदों पर नियुक्तियां न होने तक सभी खाली पदों पर तत्काल प्रभाव से तेज भर्तियां करने के आदेश दिए हैं।
------------
अस्पताल प्रशासन सफाई कर्मियों और एनओ की तत्काल भर्तियां करने जा रहा है। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ की भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबकि विभागों से फैकल्टी सदस्यों और अन्य डॉक्टरों के खाली पदों का ब्योरा मांगा गया है।
डॉ. नसीब चंद डींगरा, प्रिंसिपल, जीएमसी