जम्मू। हाईकोर्ट ने कोरोना काल में भी आने वाले मामलों को तेजी से निपटाया है। यह कहा जा सकता है कि बीते वर्ष हाईकोर्ट ने मामलों को निपटाने में रिकॉर्ड बनाया है। हाईकोर्ट का केस क्लीयरेंस रेट 231 फीसदी रहा है। जो पिछले दो सालों से दोगुना है।
केंद्रीय कानून विभाग ने प्रदेश कानून विभाग से अदालतों में आने वाले मामलों का क्लीयरेंस रेट मांगा था। इसका जवाब देने पर यह जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में लॉकडाउन होने और इसके बाद भी कड़ी बंदिशों के बावजूद मामलों की सुनवाई काफी तेजी से हुई है। हाईकोर्ट ने बीते वर्ष 15994 मामलों का निपटारा किया है। जबकि कोर्ट में 6900 मामले आए। 2019 में 17874 केस आए। वहीं 10223 मामले निपटाए गए। 2018 में 14875 मामले निपटाए गए। इस साल 16855 मामले दर्ज हुए। हालांकि, जिला और उपजिला स्तर पर अदालतों में मामलों को निपटाने का ग्राफ कम रहा है। 70 फीसदी मामले ही 2020 में निपटाए गए। इसमें 62465 मामले निपटाए गए, जबकि 79106 केस आए। 2019 में 81520 मामले निपटाए, 91034 मामले स्थापित हुए और 2018 में 146194 मामले निपटाए गए, जबकि 148040 मामले स्थापित हुए। हाईकोर्ट के ज्वाइंट रजिस्ट्रार की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि 2020 में अधिकतर मामलों की सुनवाई और इनका निपटारा वर्चुअल मोड से ही हुआ है।