संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। वीरवार सुबह सवेरे से मौसम पूरी तरह से साफ रहा व पूरा दिन धूप खिली रही। बारिश रुकने के बाद भी जिला के कई इलाकों में नुकसान की सूचना आती रही। जिला की तहसील भमाग अरनास माहौर के पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर भूस्खलन होता रहा।
भमाग के सुजनधार की तरफ जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर व मलबा आने से मार्ग बंद हुआ। इस के अलावा कई लोगों की जमीनों पर भी मिट्टी का मलबा आ पहुंचा। खेतों में मलबा आने से लगी फसल व सब्जियों को नुकसान पहुंचा। लम्सोरा नंबर दो कब्बी में दरिया पर बने पैदल चलने वाले पुल की एक तरफ नुकसान हुआ। पुल के लिए धनोड की तरफ लगाई गई लोहे की रस्सी को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने जिला विकास परिषद चेयरमैन सर्राफ सिंह नाग व श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के विधायक बलदेव राज शर्मा से हुए नुकसान का जायजा लोगों के साथ पेश आ रही परेशानियों को दूर करने को कहा। अरनास से सावलाकोट की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग को धनसाल कौड़ी के पास नुकसान पहुंचा। सड़क मार्ग पर दरारें आने के साथ ही डंगे गिर गई व बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए। माहौर में मलाई नाला व गुलाबगढ़ सड़क मार्ग पर भी सड़क मार्ग पर नाम मात्र वाहन ही चले।
प्रशासन की तरफ से लोगों को जरूरी काम पर ही वाहन के जरिए सफर तय करने को कहा गया है। सलाल में पहाड़ी से गिरे मलबे को हटा कर जिला मुख्यालय से अरनास सलाल की तरफ जाने वाले मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।