पौनी। कस्बे से रियासी की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित पानी की कूहल के पास लोक निर्माण विभाग ने पहले डंगा लगाया फिर उसे एक साल के भीतर ही हटा दिया। बताया जाता है कि डंगा लगाए जाने में इस्तेमाल किए जाने वाले पत्थर वहां से निकाल कर किसी दूसरे काम में लगाए गए।
डंगा हटा दिए जाने के कारण कूहल का पानी सड़क मार्ग पर आ रहा है। इसके अलावा आसानी से सड़क मार्ग पर वाहन चालक अपनी गाड़ियां धड़ल्ले से धो रहे हैं। सड़क पर पानी आने के कारण गड्ढे बन गए हैं । बीच सड़क में गड्ढे होने के कारण वाहन चालक सड़क हादसे का भी शिकार हो रहे हैं। सड़क पर गाड़ियां धोने वाले लोगों के खिलाफ विभाग कोई भी कार्रवाई करता हुआ दिखाई नहीं दे रहा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी इंजीनियर बलदेव राज ने बताया कि हमने डंगा हटाकर सड़क के किनारे नाली का निर्माण किया था। अभी नाली का काम अधूरा पड़ा हुआ है। तहसीलदार पौनी को लिखित में शिकायत दी हुई है कि कोई भी सड़क पर गाड़ियां धोता हुआ पाया जाता है तो उस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।