पुलिस स्टेशन अरनास, पुलिस पोस्ट डंसाल व पुलिस नाका कंथान का किया औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। एसएसपी मोहिता शर्मा ने शनिवार को पुलिस स्टेशन अरनास, पुलिस पोस्ट डंसाल व पुलिस नाका कंथान का औचक दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पुलिस कर्मचारियों से बात कर समस्याएं जानीं। इस दौरान सुरक्षा सहित अन्य चुनौतियों से निपटने के लिए लोगों से तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने दौरे के दौरान रिकार्ड की जांच करने के साथ मालखाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एसएचओ और चौकी इंचार्ज को स्थानीय लोगों के साथ तालमेल को बनाए रखने के लिए कहा। साथ ही पुलिस के कारण लोगों को बेवजह कोई परेशानी न हो। शरारती तत्वों पर निगरानी रखने को कहा, ताकि वह किसी प्रकार की गतिविधि को अंजाम न दे सकें। लोगों को सुरक्षा देने के साथ ही असामाजिक तत्वों से निपटने को पूरी तरह से तैयार रहने को कहा। पुलिस के पास कई चुनौतियां हैं, जिन्हें निपटने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। साथ ही डयूटी का निर्वाह इमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से करने के निर्देश दिए।