रियासी। आए दिन हो रही बारिश के कारण जिले में कई जगहों पर भूस्खलन हो रहा है। शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालय से तहसील भमाग के टोट गांव को जाने वाला सड़क मार्ग पहाड़ से मलबा गिरने के कारण बंद हो गया।
पिछले तीन दिनों में यह दूसरा मौका है कि यह मार्ग पत्थर और मलबा गिरने से बंद हुआ है। वहीं मार्ग के बंद रहने के कारण रियासी से टोट और अन्य ग्रामीण इलाकों के लिए दोपहर तक किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं हो सकी। शुक्रवार दोपहर बाद जिले में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ा। आसमान में घने काले बादल छाने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।
दरिया चिनाब के साथ ही अंजी तवी व अन्य नालों में भी जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। प्रशासन की ओर से दरिया के किनारे पर स्थित गांवों के लोगों को चिनाब के आसपास नहीं जाने और माल मवेशियों को भी नहीं जाने देने की चेतावनी जा की गई है।