संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। देश में कोविड संक्रमण के दोबारा फैलने के साथ ही जिला अस्पताल में इससे निपटने के लिए तैयारियों को शुरू कर दिया गया है। रियासी व आसपास के ग्रामीण इलाकों में कोविड संक्रमण लोगों में न फैलने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
मौजूदा समय में देश में साढ़े तीन हजार के करीब कोरोना संक्रमण के केस सामने आ चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में भी कोरोना दस्तक दे चुका है। जिला अस्पताल में संक्रमण का कोई भी मामला आने पर उसे सही उपचार मिल सके, इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. गोपाल दत्त ने बताया कि कोविड के दौरान लागू हुए आदेशों को जारी कर दिया गया है। प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक वार्ड को तैयार किया जा रहा है जिसमें एक साथ लगभग 30 बेड लगाए जाएंगे। किसी भी सूरत में अगर संक्रमण का कोई मामला आता है तो उसे वहां रखा जाएगा। संक्रमण के केस बढ़ने की स्थिति में बेडों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है। लोगों को अफवाहों की तरफ ध्यान देने की जरूरत नहीं है, संयम बनाए रखें।