रियासी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की तरफ से लागू किए गए 34 घंटे के कफर्यू का असर जिला मुख्यालय सहित तहसील पौनी, माहौर और अरनास में भी दिखाई दिया। रविवार सुबह नगर के बाजार सुनसान नजर आए। केमिस्ट शॉप को छोड़ कर कोई भी दुकान नहीं खुली है। घरों में दुध की सप्लाई देने वाले दुधिया ही पहुंचे।
उधर, कर्फ्यू को पुख्ता ढंग से लागू करने के लिए पुलिस ने जगह-जगह नाके लगाए थे। इस दौरान गुजरने वाले वाहनों को रोक कर चालकों से पूछताछ की गई। पुख्ता जानकारी के बाद ही अनुमति दी गई। बिना काम के घूम रहे लोगों को वापस भेज दिया गया। उधर, कर्फ्यू के कारण शादी समारोह में खास रिश्तेदार ही पहुंच पाए हैं। शादी में जाने वाले लोगों को कार्ड देख कर ही अनुमति दी गई। दवाइयों को बेचने वाले दुकानदार अपनी दुकानों को खोल कर बैठे रहे लेकिन कोई ज्यादा जरूरतमंद ही दवाई लेने को पहुंचा। दुकानदार बिहारी लाल और विशाल शर्मा के मुुताबिक रविवार को जिस प्रकार से जनता से कर्फ्यू का कढ़ाई से पालन किया है इससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं, सोमवार को म्यूनिसिपल कमेटी के अधीन आने वाली दुकानों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी दुकानों को खोला जाएगा।