कश्मीर घाटी में मतदान के लिए लाइन में लगे लोग
- फोटो : PTI
श्रीनगर लोकसभा सीट के लिए 38 बूथों पर कल 13 अप्रैल को पुनर्मतदान होगा। मतदान सुबह सात से शाम चार बजे तक होगा। सभी बूथ बडगाम जिले के हैं, जहां चुनाव के दौरान भारी हिंसा हुई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) शांतमनु की रिपोर्ट पर चुनाव आयोग ने फैसला किया है।
सीईओ ने बताया कि पुनर्मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। आयोग की अधिसूचना के अनुसार सबसे अधिक पुनर्मतदान चाडूरा विधानसभा में 16 बूथों पर होगा। इसके साथ ही बडगाम विधानसभा में आठ व बीरवाह में 14 बूथों पर दोबारा वोट डाले जाएंगे।
उधर, सीईओ ने बैठक कर पुनर्मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 32 स्थानों के 38 बूथों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण चुनाव के लिए फूलप्रूफ इंतजाम किए जाएंगे ताकि मतदाताओं में सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का भय न रहे। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग की अपील की।