भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद।
- फोटो : ANI
भाजपा ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर ‘अकारण और अवांछित’ हमले की निंदा की। पार्टी ने राहुल से कहा कि उन्हें यह स्वीकार करना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जम्मू-कश्मीर में ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं, जिससे वह श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सके।
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह मोदी का निर्णायक नेतृत्व है जिसके चलते अनुच्छेद-370 को निरस्त हुआ और घाटी में शांति लौटी। उन्होंने कहा कि अब आतंकी गुटों के पूर्व गढ़ों के साथ ही घाटी में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर भी तिरंगा फहराया जा रहा है।
कश्मीर में उग्रवाद से कांग्रेस के निपटने पर कटाक्ष करते हुए प्रसाद ने कहा कि मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के 10 साल के शासन में तथा आम तौर पर कांग्रेस के शासनकाल में क्या हुआ, लोगों को पता है। उन्होंने कहा कि घाटी में शांति लौटने से पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। साथ ही कहा कि दुखद बात यह है कि तथाकथित यात्रा के 3,000 किमी से अधिक के बाद भी आरएसएस और भाजपा के बारे में गांधी का दृष्टिकोण वैसा ही है जैसा वे पहले निराधार आरोप लगाते थे।
उन्होंने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि भाजपा सरकार और पीएम मोदी के खिलाफ राजनीतिक अभियान है। उन्होंने कहा कि सबसे अहम बात यह है कि राहुल को यह जानने की जरूरत है कि श्रीनगर में तिरंगा फहराने के हालात किसने तैयार किए। पार्टी प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि मोदी ने कश्मीर में ऐसा माहौल बनाया है कि कोई भी भारतीय अब गर्व के साथ लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है। उन्होंने राहुल गांधी से घाटी में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने को कहा।