शीतकालीन राजधानी जम्मू में राशन कार्ड धारकों को अगस्त माह का राशन तो दूर की बात अभी जुलाई महीने का पूरा राशन भी नहीं मिला है। राशन डीलरों का आरोप है कि विभाग के राशन वितरण की धीमी गति की वजह से राशन कार्ड धारकों की नाराजगी का सामना उन्हें करना पड़ रहा है।
राशन डीलर्स एसोसिएशन जम्मू के प्रधान प्रभु दयाल शर्मा का कहना है कि जम्मू शहर में अभी जुलाई माह का पूरा राशन नहीं मिला है। अगस्त माह के राशन का एडवांस इस वजह से डीलर देरी से जमा करवा पाए।
अगस्त माह का राशन अभी नहीं मिला है। ऐसे में राशन कार्ड धारक डिपो के चक्कर काट रहे हैं। विभाग को चाहिए कि वह राशन को डीलरों के पास जल्द पहुंचाने के पुख्ता प्रबंध करें।
उनका कहना है कि उपभोक्ता एवं जन वितरण विभाग राशन डीलरों से चावल के पैसे के अलावा प्रति बोरी के हिसाब से 14 रुपये अलग से काट रहा है। उनका कहना हैं सौ किलो की चावल की बोरी पर 14 रुपये अतिरिक्त काटे जाने से पहले ही आर्थिक तंगहाली का शिकार डीलरों को नुकसान हो रहा है।
चीनी पर तो डीलरों को कमीशन भी नहीं मिलती। अब प्लास्टिक के थैले में चीनी आती है। प्लास्टिक के थैले का तो कोई भाव नहीं है। उन्होंने चीनी को जूट बैग में शुरू करने पर भी जोर दिया है। ऐसे न होने पर सितंबर माह का राशन एडवांस जमा न करवाने की चेतावनी भी जारी की है।