रंगूर बांध के पानी के गांव में घुसने के बाद रविवार देर रात को रामगढ़ के कमोर गांव को सुरक्षा की दृष्टि से खाली करा दिया गया। बांध टूटने के कारण पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से पानी लगातार जमीन का कटाव कर रहा था।
देर शाम गांव के कई घरों के करीब पानी पहुंच गया। इससे करीब सौ घरों के बाशिंदों को गांव से एक किमी. दूर केसो हाई स्कूल में शिफ्ट किया गया। जिला उपायुक्त सांबा शीतल नंदा के अनुसार पानी के घरों के करीब पहुंच जाने से आपदा को देखते हुए कई घरों को सुरक्षा के लिहाज से खाली कराया गया है।
जानकारी के अनुसार तीन साल पहले रामगढ़ से करीब दस किमी. दूर कमोर गांव के ऊपरी क्षेत्र रंगूर में एक बांध का निर्माण किया गया था। लेकिन निर्माण के दौरान दो सौ मीटर बांध का काम मुक्कमल नहीं हो पाया था।