राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद
- फोटो : File Photo
एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद ने बुधवार को श्रीनगर पहुंचकर अपने पक्ष में भारी समर्थन जुटाया। रियासत से उन्हें 8988 वोट मिलने की उम्मीद है। वह यूपीए प्रत्याशी मीरा कुमार से पांच हजार से अधिक मतों से आगे रह सकते हैं। ज्ञात हो कि उन्होंने रविवार को लखनऊ से देशव्यापी प्रचार शुरू किया था।
कोविंद ने गठबंधन के सहयोगी पीडीपी तथा भाजपा के विधायकों से मुख्यमंत्री आवास पर मिलकर 17 जुलाई को एनडीए के पक्ष में वोट डालने की अपील की। पीडीपी की ओर से पार्टी अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पूरे समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने इसके लिए महबूबा का आभार जताया।
रियासत में छह लोकसभा सांसद, चार राज्यसभा सांसद और 87 निर्वाचित विधायक राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करेंगे। भाजपा के तीन लोकसभा सांसद, एक राज्यसभा सांसद, अपने 25 विधायकों समेत तीन अन्य विधायक जिसमें पीपुल्स कांफ्रेंस के दो और जंस्कार के निर्दलीय विधायक बाकिर रिजवी का समर्थन हासिल है।
सीएम समेत तमाम बड़े नेताओं ने किया स्वागत
बीजेपी के तमाम बड़े नेता रहे मौजूद
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा विधायकों और सांसदों के वोटों की वैल्यू 4848 और पीडीपी के विधायकों-सांसदों के वोटों की वैल्यू 4140 है। भाजपा और पीडीपी को मिलाकर 8988 वोट कोविंद को मिलेंगे। यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को नेशनल कांफ्रेंस के 1788 व कांग्रेस के 1572 वोट हासिल हो सकते हैं।
इससे पहले बुधवार को केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, डा. जितेंद्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना के साथ श्रीनगर पहुंचे कोविंद सीधे मुख्यमंत्री आवास गए।
यहां मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा, पीडीपी व भाजपा के सांसदों, मंत्रियों व विधायकों ने उनका स्वागत किया। वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू और राम माधव ने कोविंद का परिचय करवाया।