बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव राम माधव
- फोटो : फाइल
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकवादियों द्वारा भाजपा के प्रदेश सचिव अनिल परिहार व उनके भाई अजीत परिहार की हत्या के बाद रियासत के दौरे पर छह नवंबर को आ रहे राम माधव पर सियासी पार्टियों की नजरें रहेंगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार परिहार बंधुओं की हत्या के बाद से प्रदेश भाजपा सदमे में चल रही हैं और पार्टी स्तर पर दीपावली से संबंधित कार्यक्रमों को भी रद्द कर दिया गया है। हालांकि छह नवंबर मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव राम माधव के कश्मीर दौरे के बाद भाजपा की सियासी गतिविधियों में एक बार फिर से उछाल होने की संभावना हैं। छह नवंबर को ही श्रीनगर नगर निगम के मेयर पद का चुनाव होना है।
निकाय चुनाव में कश्मीर में भाजपा ने पहली बार बेहतर प्रदर्शन किया है और श्रीनगर नगर निगम में भी भाजपा मेयर बनाने को लेकर किंग मेकर की भूमिका में है। ऐसे में पार्टी प्रयास कर रही है कि उसके समर्थन से किसी निर्दलीय काउंसलर को मेयर बनाया जा सके।
नेकां छोड़ आए जुनेद मट्टू को मेयर बनाने की रणनीति पर भी भाजपा काम कर रही है। राम माधव के रियासत के दौरे के दौरान भाजपा नेताओं की सुरक्षा, पंचायत चुनाव में भाजपा की भूमिका व पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के लिए प्रचार से संबंधित रणनीति पर भी चर्चा होने के आसार है।
श्रीनगर में राम माधव के साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना और कश्मीर प्रभारी सुनील शर्मा भी मौजूद रहेंगे। परिहार बंधुओं की हत्या के बाद रियासत व पार्टी में बने हालात पर भी चर्चा संभव है।