जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। यह बात पार्टी के महासचिव राम माधव ने रविवार को स्थानीय पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी तैयार है। रियासत में स्थिर सरकार के लिए अगर साथी मिलते हैं तो गठबंधन सरकार बनाई जा सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन फरवरी को सबसे पहले लेह, उसके बाद जम्मू और आखिर में श्रीनगर का दौरा कर रियासत के लोगों को विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे। इसी के साथ भाजपा के चुनाव अभियान का भी आगाज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ हो या बाद में, इसका फैसला चुनाव आयोग को लेना है।
उन्होंने कहा कि जम्मू में प्रधानमंत्री करीब 35 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। जबकि कश्मीर में नौ हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। जम्मू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में करीब दो लाख लोगों की मौजूदगी रहेगी।