भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव
- फोटो : फाइल, अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने बुधवार को श्रीनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि स्थानीय राजनीतिक नेता अपने स्वार्थ उद्देश्यों के लिए जम्मू-कश्मीर में भय का वातावरण बना रहे हैं। केंद्र द्वारा उठाए जा रहे कदम यहां की स्थिति के अनुसार हैं। जम्मू-कश्मीर, विशेषकर कश्मीर से सुरक्षा बलों को तैनात या वापस लिया जाना एक सतत प्रक्रिया है।
राम माधव ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान यहां अतिरिक्त बल तैनात किया जाता है, हमें ब्लॉक-स्तरीय चुनाव भी कराने होंगे। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को किसी और चीज से जोड़ना केवल स्वार्थ उद्देश्यों का कारण इन नेताओं का हो गया है। अब जब भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है तो वह खुद को बचाने के लिए नाटक कर रहे हैं।
महबूबा पर साधा निशाना
महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए राम माधव ने कहा कि खुद को राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बनाए रखने के लिए वह इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहीं हैं। उनके फिसलते राजनीतिक जनाधार को बचाने के लिए लोगों में डर पैदा किया जा रहा है। हमें जम्मू-कश्मीर में आगे बढ़ने के लिए काम करना है, विधानसभा चुनाव होने हैं।
पीडीपी सांसदों पर किया कटाक्ष
उन्होंने कहा कि कल संसद में जिस तरह से कुछ लोग अनुपस्थित होकर ट्रिपल तलाक बिल को समर्थन दिए हम उनका धन्यवाद देते हैं। इसी तरह जो अच्छे काम मोदी जी करते हैं उसका समर्थन करो, खुल कर नहीं कर सकते तो अनुपस्थित रहकर करो।