जम्मू। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भाजपा ने उत्तरी कश्मीर के लोगों से वर्चुअल रैली के माध्यम से संवाद किया। रैली में भाजपा के पिछले छह सालों में किये गये कामकाज पर चर्चा की गई। रैली के लिए बांदीपोरा, कुपवाड़ा और बारामुला में 20 स्थानों पर स्क्रीनें लगाई गई थीं।
इस मौके पर जम्मू-कश्मीर भाजपा के जनरल सेक्रेटरी बिवोध गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के हित में ठोस निर्णय लेने में कोई कमी नहीं दिखाई है जिससे देश काफी मजबूत दौर से गुजर रहा है। इस मौके पर उन्होंने लोगों से कहा है कि वह घरेलू चीजें ही खरीदें और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करें। भाजपा के प्रवक्ता जीएम मीर ने भी लोगों से कहा कि वह देश के भीतर बनी हुई चीजों को खरीदें, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। साथ ही मौके पर मौजूद भाजपा के नेता अनवर खान ने कहा, भाजपा के काम को देखकर कश्मीर के लोगों का विश्वास बढ़ा है और भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो घाटी में शांति को बहाल कर सकती है।