जिले में अब तक 41 मामले सामने आए, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। बुधवार को भी रख अंब टाली क्षेत्र से डेंगू के छह नए मामले सामने आए हैं। जिले में कुल 41 मामले आ चुके हैं लगातार सामने आ रहे मामलों के कारण स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र को हाई-रिस्क हॉटस्पॉट मानते हुए निगरानी और रोकथाम अभियान तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हॉटस्पॉट क्षेत्रों का नियमित दौरा करें और जहां भी पानी जमा हो, वहां एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करें। साथ ही डेंगू संक्रमित मरीजों के घरों और आसपास के इलाकों में फॉगिंग तथा दवा का स्प्रे सुनिश्चित किया जाए, ताकि बीमारी को आगे फैलने से रोका जा सके।
विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गंदे पानी की निकासी और जलभराव डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण है, इसलिए स्थानीय स्तर पर भी साफ-सफाई बनाए रखना आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग की बीएमओ डॉ ऋचा ने आम लोगों से अपील की है कि वे विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी एवं मच्छररोधी उपाय अपनाएं तथा तेज बुखार, सिरदर्द या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।